कौशाम्बी। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने रविवार को सिराथू क्षेत्राधिकारी कार्यालय में थाना सैनी के विवेचकों के साथ अर्दली रूम की बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने थाना स्तर पर लंबित मुकदमों की गहन समीक्षा करते हुए विवेचनाओं के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि विवेचनाओं की गुणवत्ता और निष्पक्षता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी विवेचकों को समयबद्ध तरीके से जांच पूरी करने और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी पैरवी करने के निर्देश दिए। साथ ही, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।
बैठक के अंत में उन्होंने पुलिस कर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा के साथ जनहित में कार्य करने और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सिराथू सहित थाना सैनी के समस्त विवेचक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।









