जिला ब्यूरो चीफ मोहम्मद सुहेल खान
आलाकत्ल के साथ वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, हत्या की पूरी साजिश आई सामने
श्रावस्ती।
जनपद श्रावस्ती के थाना कोतवाली भिनगा पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्या के मामले का सफल अनावरण करते हुए वांछित अभियुक्त को आलाकत्ल सहित गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में फैली दहशत का अंत हुआ है और आमजन में कानून-व्यवस्था के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।
थाना प्रभारी निरीक्षक राज प्रकाश सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आज दिनांक 09 फरवरी 2026 को मु0अ0सं0-52/2026, धारा 103(1), 318(4), 238 बीएनएस से संबंधित वांछित अभियुक्त कृष्ण कुमार मौर्या पुत्र साधू मौर्या, निवासी मुरावनपुरवा दा0 मछरिहवा, थाना कोतवाली भिनगा, जनपद श्रावस्ती को गिरफ्तार किया। अभियुक्त के कब्जे व निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 01 लकड़ी का खूनालूदा फट्टा (आलाकत्ल) भी बरामद किया गया है।
घटना का संक्षिप्त विवरण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 04.02.2026 को मुरावनपुरवा दा0 मछरिहवा निवासी वादिनी ने थाना कोतवाली भिनगा पर लिखित प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि अभियुक्त कृष्ण कुमार मौर्या ने उसके पिता कल्लू की हत्या कर दी है।
प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना कोतवाली भिनगा पर मु0अ0सं0-052/2026 धारा 103(1), 318(4), 238 बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर विवेचना प्रारंभ की गई।
ऐसे दिया गया वारदात को अंजाम – चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस विवेचना में सामने आया कि दिनांक 30.01.2026 की रात्रि लगभग 09:00 बजे अभियुक्त कृष्ण कुमार मौर्या मृतक कल्लू को अपनी मोटरसाइकिल से घर से लेकर गया था, जिसे मृतक की पुत्री व पुत्र ने अपनी आंखों से देखा था।
गांव के बाहर ले जाकर अभियुक्त ने मृतक को शराब पिलाई, जिससे वह अत्यधिक नशे में हो गया। इसके बाद ऐलहवा कर्बला के पास नाले के समीप दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते गाली-गलौज में बदल गया।
विवाद के दौरान अभियुक्त ने गुस्से में आकर पहले मृतक को धक्का दिया और पास में पड़ी लकड़ी की फट्टी से उसके सिर पर जोरदार वार कर दिया। जब मृतक अचेत होकर गिर पड़ा, तो पकड़े जाने के डर से अभियुक्त ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से अभियुक्त ने मृतक के शव को पास ही स्थित नाले में फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।
मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी
लगातार प्रयास और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई, जिसके क्रम में अभियुक्त को अँटा तिराहे के राजपुर रोड के बाएं तरफ जंगल में, जानकी नगर जाने वाली कच्ची सड़क के पास से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने अपना जुर्म स्वीकार किया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सना लकड़ी का फट्टा बरामद किया गया।
पुलिस की सराहनीय कार्रवाई
थाना कोतवाली भिनगा पुलिस की तत्परता, सटीक विवेचना और टीमवर्क के चलते एक जघन्य हत्या का खुलासा संभव हो सका। अभियुक्त को विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।









