मेडिकल कॉलेज कौशाम्बी में ‘स्क्रीन टाइम टू एक्टिविटी टाइम’ कार्यशाला आयोजित, युवाओं को सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संदेश

 

कौशाम्बी।

स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय कौशाम्बी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के तत्वावधान में रविवार को “स्क्रीन टाइम टू एक्टिविटी टाइम” विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को मोबाइल व डिजिटल उपकरणों के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें खेलकूद, सामाजिक सहभागिता एवं रचनात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना रहा।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी राजेश कुमार एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुनील कुमार शुक्ल द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में युवाओं का स्क्रीन टाइम लगातार बढ़ रहा है, जिसका सीधा असर उनके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। ऐसे में समय का संतुलित उपयोग करते हुए खेल, योग, पठन-पाठन और समाजसेवा जैसी गतिविधियों से जुड़ना अत्यंत आवश्यक है।

 

कार्यशाला में उपस्थित विशेषज्ञों ने अपने संबोधन में बताया कि बढ़ती स्क्रीन निर्भरता युवाओं में एक गंभीर समस्या बनती जा रही है। अत्यधिक मोबाइल और डिजिटल माध्यमों का उपयोग तनाव, एकाग्रता की कमी एवं शारीरिक निष्क्रियता को बढ़ावा देता है। “स्क्रीन टाइम टू एक्टिविटी टाइम” अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है, ताकि वे खेल, योग, सामाजिक गतिविधियों और रचनात्मक कार्यों से जुड़कर स्वस्थ भविष्य की ओर अग्रसर हो सकें।

 

वक्ताओं ने यह भी कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम न केवल स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भूमिका को भी मजबूत करते हैं।

 

कार्यक्रम में जनपद के चिकित्सा अधिकारी, महाविद्यालय के संकाय सदस्य, सीनियर एवं जूनियर रेजीडेंट, कर्मचारीगण सहित एमबीबीएस प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें