मोहम्मद सुहेल
ब्यूरो चीफ, श्रावस्ती
श्रावस्ती। थाना इकौना क्षेत्र में हाल ही में हुई चोरी और नकबजनी की घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को धर दबोचा। एसओजी, सर्विलांस एवं थाना इकौना पुलिस की संयुक्त टीम ने मध्य रात्रि चेकिंग के दौरान कार्रवाई करते हुए एक बदमाश को मुठभेड़ में घायल कर दिया, जबकि उसके दो साथियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार 11/12 फरवरी की रात मोहनीपुर चौराहे से कैलाशपुर मार्ग हाईवे मोड़ के पास संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार तीन व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर एक अभियुक्त ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में रामप्रकाश उर्फ प्रकाश पासी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सीएचसी इकौना भेजा गया।
मौके से उसके दो साथी राजू सिंह एवं रामचंदर पासी को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान अभियुक्तों के पास से एक तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल, चोरी में प्रयुक्त औजार, पीली-सफेद धातु के आभूषण तथा 25 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी दिन में मोटरसाइकिल से गांवों की रेकी करते और रात में सुनसान इलाकों में घरों को निशाना बनाकर सेंधमारी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम की त्वरित कार्रवाई से गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।









