बंदरी ग्राम पंचायत में सरकारी धन की बंदरबांट का आरोप, 11.79 लाख के वृक्षारोपण पर उठे सवाल

अश्विनी श्रीवास्तव 

कर्वी(चित्रकूट)। जनपद चित्रकूट के विकासखंड कर्वी अंतर्गत ग्राम पंचायत बंदरी में सरकारी धन के दुरुपयोग का गंभीर मामला सामने आया है। ग्रामीणों और सूत्रों के अनुसार पंचायत स्तर पर विभिन्न विकास कार्यों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं की गई हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा जांच के नाम पर केवल औपचारिकता निभाई गई।

 

ग्रामीणों का आरोप है कि यदि संबंधित अधिकारी वास्तविक स्थल का निरीक्षण करते तो लाखों रुपये के शासकीय धन के नुकसान को रोका जा सकता था। आरोप है कि कागजों में कार्य पूर्ण दिखाकर राशि आहरित कर ली गई, जबकि धरातल पर स्थिति कुछ और ही है।

 

मामले का सबसे बड़ा आरोप पितूपुर बरम बाबा के समीप तालाब किनारे वृक्षारोपण कार्य को लेकर है। सूत्रों के अनुसार वृक्षारोपण के नाम पर 11,79,000 रुपये की शासकीय धनराशि निकाली गई, लेकिन मौके पर एक भी पौधा नहीं लगाया गया।

 

बताया जा रहा है कि केवल एक रंगीन सूचना पट्ट लगाकर कार्य पूर्ण दर्शा दिया गया। यदि आरोप सत्य पाए जाते हैं तो यह सीधा शासकीय धन के गबन और योजनाओं की खुली बंदरबांट का मामला बनता है।

 

– तालाब और सड़क निर्माण में भी अनियमितता की आशंका

 

ग्रामीणों ने तालाब सौंदर्यीकरण और सड़क निर्माण कार्यों में भी गड़बड़ी की आशंका जताई है। उनका कहना है कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और वास्तविक लागत की जांच कराई जाए, क्योंकि कई स्थानों पर कार्य अधूरा या मानक के विपरीत दिखाई देता है।

 

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा कार्यों का भौतिक सत्यापन कराया जाए। दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बनी रहे।

 

यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो मामला शासन स्तर तक ले जाने की तैयारी की जा रही है।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें