शांति समिति की बैठक, शिवरात्रि-होली और ईद को लेकर पुलिस ने की अहम अपील

 

थाना भरतकूप में जुटे धर्मगुरु व गणमान्य नागरिक, सौहार्द बनाए रखने पर जोर

 

अश्विनी श्रीवास्तव 

चित्रकूट। आगामी महाशिवरात्रि, होली एवं ईद-उल-फितर के त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्वक और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को थाना भरतकूप परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।

बैठक का आयोजन अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में किया गया, जिसकी अध्यक्षता अपराध निरीक्षक अभयराज सिंह ने की। इस दौरान क्षेत्र के सम्भ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं, ग्राम प्रधानों एवं दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

 

बैठक में उपस्थित लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनके त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट साझा न करने की अपील की।

हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों से संवाद करते हुए अधिकारियों ने आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखने पर विशेष बल दिया। शासन के दिशा-निर्देशों से अवगत कराते हुए स्पष्ट किया गया कि किसी भी प्रकार की शरारती गतिविधि या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

पुलिस प्रशासन ने कहा कि सभी त्योहार पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाए जाएं, लेकिन नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में मौजूद लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

पुलिस अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि क्षेत्र की जनता के सहयोग से सभी पर्व शांति और सद्भाव के साथ संपन्न होंगे।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें