मोहम्मद सुहेल, ब्यूरो चीफ श्रावस्ती
श्रावस्ती। जनपद से देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा तिलकपुर मोड़ के पास बंजारन पुरवा क्षेत्र में हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, एक टाटा ईवी कार की बैटरी खत्म हो जाने के बाद उसे दूसरी कार से टोचन कर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार से कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिलौला ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें ट्रॉमा सेंटर बहराइच रेफर कर दिया गया।

हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस फरार वाहन की तलाश में जुटी हुई है।









