दबंग का प्रशासन को खुला चैलेंज, धमकी का ऑडियो वायरल
– भरतकूप थाना क्षेत्र के रमपुरवा गांव का मामला, पीड़ित ने थाने पहुंचकर लगाई गुहार
चित्रकूट। जिले के चित्रकूट में एक दबंग द्वारा प्रशासन को खुलेआम चुनौती देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंग न सिर्फ पीड़ित को धमका रहा है, बल्कि प्रशासन को भी खुली चेतावनी दे रहा है। इस पूरी घटना का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।
मामला भरतकूप थाना क्षेत्र के ग्राम पहरा के मजरा रमपुरवा का बताया जा रहा है। पीड़ित व्यक्ति ने थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। उसका कहना है कि दबंग लगातार धमकी दे रहा है और किसी कार्रवाई से बेखौफ नजर आ रहा है।
वायरल ऑडियो में कथित तौर पर दबंग प्रशासन को भी चुनौती देता सुनाई दे रहा है। हालांकि ऑडियो की पुष्टि अभी आधिकारिक रूप से नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर रोष है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो माहौल बिगड़ सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
✍️अश्विनी श्रीवास्तव









