संदिग्ध परिस्थितियों में व्यक्ति की मौत, पेड़ से लटका मिला शव

 

जिला ब्यूरो चीफ मोहम्मद सुहेल खान

श्रावस्ती। गिलौला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मनसुखा में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मनसुखा निवासी चौधरी पांडे (50) पुत्र राम संवारे का शव सोमवार सुबह गांव के पास सरयू माइनर के किनारे एक बबूल के पेड़ से गमछे के सहारे लटका मिला।

 

बताया जाता है कि चौधरी पांडे रविवार देर रात करीब 2 बजे घर से निकल गए थे और वापस नहीं लौटे। परिजनों ने रातभर उनकी तलाश की, लेकिन सुबह ग्रामीणों ने माइनर किनारे पेड़ से लटका शव देखा तो हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया।

 

मृतक अपने पीछे दो पुत्र व एक पुत्री का परिवार छोड़ गए हैं। बड़ा पुत्र राजन पांडे पंजाब में मजदूरी करता है, जबकि छोटा पुत्र राहुल पांडे गांव में रहता है। उनकी एक पुत्री है, जिसकी शादी हो चुकी है। बताया जाता है कि मृतक पांच भाइयों में से एक थे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

 

सूचना मिलते ही गिलौला थाना पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम व क्षेत्राधिकारी इकौना मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भिनगा स्थित मोर्चरी भेज दिया।

 

ग्रामीणों के अनुसार मृतक की मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं रहती थी, जिसके चलते घटना को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं व्यक्त की जा रही हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। थानाध्यक्ष गिलौला आशीष कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें