बरातियों का फटा सिर, घरातियों का कान काट ले गए बाराती
फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के मड़ौली गांव में देर रात घरातियों व बरातियों के बीच जमकर मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान कई लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया।
मड़ौली गांव निवासी रामकरन निषाद ने अपनी पुत्री की शादी बांदा जनपद के कमासिन थाना क्षेत्र के मंझनपुर गांव में तय की थी। शादी तय होने के बाद गुरुवार की देर रात करीब नौ बजे बारात मड़ौली पहुंची थी। बारात के पहुंचने के बाद घरातियों द्वारा बरातियों के लिए नास्ता परोसा गया। थोड़ी देर बाद करीब 11 बजे रात के समय अगुवाई की रश्म शुरू हुई। इस दौरान बाराती पक्ष के लोग डीजे की धुन पर डांस कर रहे थे। शराब के नशे में धुत कुछ बाराती अश्लील डांस कर रहे थे। इस दौरान घराती पक्ष की तरफ से एक युवक द्वारा इसका विरोध किया गया। जिस पर बाराती पक्ष से तीन चार लोगों ने मिलकर युवक को पीट दिया। जिसके बाद मामला गरमा गया। थोड़ी देर बाद घराती पक्ष के लोग भी इकठ्ठा हो गए और जमकर लात घूसों चले। इस दौरान कुछ लोगों ने लाठी डंडों से पीट कई बारातियों को घायल कर दिया। कुछ बाराती जान बचाकर पड़ोस में ही एक सरसों के खेत में घुस गए। घंटों दोनों पक्ष की तरफ से लात घूंसे चलते रहे। दोनों तरफ से लोग एक दूसरे को दौड़ा दौड़ा पीट रहें थे। जिसमें कई लोग बुरी तरह से घायल हो गए। देर रात निजी चिकित्सक की मदद से बरातियों का इलाज कराया गया। कुछ देर बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को किसी तरह से शांत कराया। जिसके बाद आगे की रश्म पुलिस की मौजूदगी में सम्पन्न हुई। हालांकि थोड़ी देर बाद दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया।
मामले में किशनपुर थानाध्यक्ष सत्यदेव गौतम ने बताया कि मामले में किसी तरह की तहरीर नहीं मिली है तहरीर मिलने पर कार्यवाही की जाएगी।









