सावधान! WhatsApp पर ट्रेंड कर रही ‘APK फ़ाइल’ स्कैम: एक क्लिक में खाली हो सकता है बैंक खाता

 

उत्तर प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में इन दिनों व्हाट्सएप पर एक खतरनाक साइबर ठगी तेजी से फैल रही है। लोगों को .APK नाम की फाइल भेजकर उनके मोबाइल फोन को हैक किया जा रहा है और बैंक खातों से पैसे उड़ाए जा रहे हैं।

साइबर अपराधी व्हाट्सएप पर फर्जी मैसेज भेजते हैं, जिसमें “RTO चालान”, “बिजली बिल”, “पानी का बिल”, “डिजिटल वेडिंग कार्ड” या “सरकारी नोटिस” जैसे नाम लिखे होते हैं। मैसेज के साथ एक APK फाइल अटैच होती है और उसे डाउनलोड करने के लिए कहा जाता है।

जैसे ही कोई व्यक्ति उस APK फाइल को डाउनलोड और इंस्टॉल करता है, उसके फोन में मालवेयर इंस्टॉल हो जाता है। इसके बाद ठग मोबाइल की स्क्रीन, मैसेज, बैंकिंग ऐप और OTP तक की जानकारी हासिल कर लेते हैं। कुछ ही मिनटों में खाते से हजारों या लाखों रुपये गायब हो सकते हैं।

साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि कोई भी सरकारी विभाग या बैंक व्हाट्सएप के जरिए APK फाइल भेजकर ऐप इंस्टॉल करने को नहीं कहता। अगर ऐसा कोई मैसेज आए तो उसे तुरंत डिलीट करें और भेजने वाले नंबर को ब्लॉक कर दें।

कैसे बचें?

अनजान नंबर से आई APK फाइल कभी डाउनलोड न करें

केवल Google Play Store या आधिकारिक ऐप स्टोर से ही ऐप इंस्टॉल करें

OTP, बैंक डिटेल या PIN किसी से साझा न करें

फोन की “Unknown Sources” सेटिंग बंद रखें

ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें

डिजिटल दुनिया में सतर्क रहना ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। एक छोटी सी लापरवाही आपकी मेहनत की कमाई पर भारी पड़ सकती है।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें