खुलासा: पश्चिम शरीरा पुलिस की बड़ी कामयाबी, गुमटी का ताला तोड़कर सिगरेट चोरी की घटना को भी कबूला
कौशाम्बी (निहाल शुक्ला)।
पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के पूरब शरीरा गांव में नगर पंचायत कार्यालय के पीछे सूने मकान में दीवार फांदकर चोरी करने वाले शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी करते हुए सलीम अहमद नाम के अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी की गई टीवी, साउंड सिस्टम और नकदी बरामद की है। पकड़े गए आरोपी पर पहले से ही दहेज मृत्यु और एनडीपीएस जैसे 5 गंभीर मामले दर्ज हैं।
शातिर अंदाज: दीवार फांदी, पीछे का ताला तोड़ा और माल पार
बता दें कि बीते दिनों पूरब शरीरा में चोरों ने दुस्साहस की सारी हदें पार कर दी थीं। जब घर के सदस्य बाहर गए थे, तब चोर दीवार फांदकर आंगन में उतरे और पीछे के गेट का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए। अलमारी और लॉकर खंगालते हुए चोरों ने कीमती सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। घटना के बाद से ही इलाके में दहशत का माहौल था।
पेट्रोल पंप के पास से हुई गिरफ्तारी
थानाध्यक्ष हरीश तिवारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने रविवार को पुनवार पेट्रोल पंप के पास से वांछित अभियुक्त सलीम अहमद पुत्र सगीर अहमद (निवासी उग्रसेनपुर) को दबोच लिया। पूछताछ में सलीम ने कबूला कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर पानी की टंकी के पास स्थित घर से टीवी और साउंड चोरी किया था। सामान भारी होने के कारण उसे सरसों के खेत में छिपा दिया गया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
गुमटी का ताला तोड़कर की थी ‘कमीशन’ की चोरी
कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने एक और वारदात का खुलासा किया। उसने बताया कि कुछ दिन पहले उसी ने नगर पंचायत के पास एक गुमटी का ताला तोड़कर सिगरेट और अन्य खाद्य सामग्री चोरी की थी, जिसे आपस में बांट लिया गया था।
अपराध का लंबा इतिहास
पकड़े गए अभियुक्त सलीम अहमद का पुराना आपराधिक इतिहास है। उस पर थाना पश्चिम शरीरा में चोरी के अलावा एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम और दहेज मृत्यु (Dowry Death) जैसे संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके फरार साथी की तलाश में दबिश दे रही है।









