सावधान: होली पर अश्लील गाना बजाया या फैलाई अफवाह तो खैर नहीं, पिपरी पुलिस ने सड़कों पर उतरकर दी सीधी चेतावनी!

​चायल/कौशाम्बी। आगामी होली और पवित्र रमजान माह के मद्देनजर जनपद में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए रविवार को पिपरी पुलिस ने सड़कों पर शक्ति प्रदर्शन किया। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के निर्देशन और सीओ चायल अभिषेक सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष पिपरी विकास सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने चायल, मनौरी बाजार और तिल्हापुर मोड़ जैसे संवेदनशील इलाकों में पैदल फ्लैग मार्च कर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। इस दौरान पुलिस की भारी मौजूदगी देखकर बाजार में हड़कंप की स्थिति रही, वहीं दूसरी ओर पुलिस ने जनता से सीधा संवाद कर सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

​थानाध्यक्ष विकास सिंह ने फ्लैग मार्च के दौरान दो टूक लहजे में चेतावनी दी कि त्योहारों के दौरान किसी भी व्यक्ति ने आपसी भाईचारा बिगाड़ने की कोशिश की, तो उसके विरुद्ध ऐसी कठोर कार्रवाई होगी जो नजीर बनेगी। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि होली के पर्व पर डीजे पर किसी भी तरह के अश्लील गाने नहीं बजाए जाएंगे। पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि कस्बे और गांवों में सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है जो पल-पल की निगरानी करेंगे। किसी भी शरारती तत्व द्वारा अशांति फैलाने की जानकारी मिलने पर जनता को तत्काल पुलिस को सूचित करने के लिए प्रेरित किया गया है।

​प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि दंगा-फसाद करने वालों या झूठी और भड़काऊ खबरें फैलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। अराजक तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी का सहारा लिया जा रहा है। इसके साथ ही सोशल मीडिया की भी सघन मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि भ्रामक पोस्ट डालने वालों को तुरंत सलाखों के पीछे भेजा जा सके। विभिन्न समुदायों के साथ शांति समिति की बैठकें कर पुलिस ने यह संदेश दे दिया है कि कौशाम्बी में त्योहारों का आनंद केवल शांति और आपसी प्रेम के साथ ही मनाया जा सकेगा।

 

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें