फतेहपुर में बिजली विभाग की जानलेवा लापरवाही, हाईटेंशन ट्रांसफार्मर बना मौत का साया

 

फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के गढ़ा गाँव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ विद्युत विभाग की घोर लापरवाही ने एक परिवार की जान आफत में डाल दी है। शैलेश सोनकर के घर की चारदीवारी के भीतर, छत से बिलकुल सटाकर हाईटेंशन लाइन का ट्रांसफार्मर लगाने की ज़िद पर अड़ा विभाग, परिवार की सुरक्षा को ताक पर रख रहा है।

 

रविवार को एक बार फिर विभाग के कर्मचारी भारी पुलिस बल के साथ ट्रांसफार्मर लगाने पहुँच गए। लेकिन घर की महिलाओं के उग्र विरोध के आगे उन्हें पीछे हटना पड़ा। महिलाओं ने साफ़ कह दिया कि जब तक यह जानलेवा ट्रांसफार्मर उनके घर से दूर नहीं हटाया जाता, वे इसे लगने नहीं देंगी।

 

पीड़ित परिवार का आरोप है कि वे कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। घर की छत से इतनी करीब हाईटेंशन ट्रांसफार्मर लगाने से परिजनों को हर पल करंट लगने या किसी बड़े हादसे का डर सता रहा है। यह सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि विभाग की आपराधिक उदासीनता है, जो नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रही है।

 

क्या बिजली विभाग किसी बड़े हादसे का इंतज़ार कर रहा है? क्या एक परिवार की जान से बढ़कर है, उनकी यह मनमानी? प्रशासन को इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप कर शैलेश सोनकर के परिवार को न्याय दिलाना चाहिए और इस जानलेवा खतरे को हमेशा के लिए दूर करना चाहिए! यह सवाल सिर्फ गढ़ा गाँव का नहीं, बल्कि उन सभी लोगों का है, जिनकी सुरक्षा को सरकारी एजेंसियां लगातार अनदेखा कर रही हैं।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें