दीवान और लेखपाल पर मिलीभगत का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश
पंकज सिंह राणा
भरतकूप (चित्रकूट)। जिले के कर्वी तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अकबरपुर (ब) में सरकारी तालाब की जमीन पर कब्जे का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि भरतकूप थाना में तैनात दीवान के प्रभाव और क्षेत्रीय लेखपाल की कथित मिलीभगत से दबंग किस्म के लोग तालाब के भीटे (मेड़) की बेशकीमती जमीन पर अवैध निर्माण कर कब्जा जमाने की कोशिश कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के पुराने सार्वजनिक तालाब की जमीन पर पिछले कुछ दिनों से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। विरोध करने पर शिकायतकर्ताओं को फोन पर धमकियां दी जा रही हैं। इससे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।
मामले को लेकर जब संबंधित लेखपाल से बात की गई तो उनका कहना था कि उन्होंने निर्माण कार्य रुकवा दिया है। हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण अब भी जारी है, जिससे लेखपाल की भूमिका संदिग्ध नजर आ रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई की गई होती तो स्थिति यहां तक नहीं पहुंचती।
ग्रामीणों का आरोप है कि मामले की शिकायत स्थानीय स्तर पर की गई, लेकिन ठोस कार्रवाई के बजाय जिम्मेदार राजस्व कर्मियों की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। गांव में चर्चा है कि दबंगों को प्रशासनिक संरक्षण प्राप्त है, तभी वे खुलेआम निर्माण करा रहे हैं।
गांव के बुजुर्गों और किसानों का कहना है कि तालाब की जमीन सार्वजनिक उपयोग के लिए सुरक्षित है। यहां कब्जा होने से बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या बढ़ेगी और पशुओं के पीने के पानी का संकट भी खड़ा हो सकता है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि तालाब की भूमि पर अवैध निर्माण नहीं रोका गया तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
प्रकरण की जानकारी कर्वी की एसडीएम पूजा शाहू को दी गई है। एसडीएम ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
गांव में बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस की भूमिका भी चर्चा में है। यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो मामला तूल पकड़ सकता है। फिलहाल ग्रामीणों की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।









