राधा बिहारी पाठक
भरतकूप (चित्रकूट)। थाना भरतकूप क्षेत्र के पतौड़ा गांव के मजरा लूक में गुरुवार रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना से गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार ने करीब छह लाख रुपये के नुकसान का दावा किया है। पुलिस ने तहरीर मिलने की बात कही है।
पीड़ित विनोद यादव ने बताया कि गुरुवार रात अज्ञात चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुस आए। इसके बाद कमरे में रखे बक्से को खोलकर करीब 10 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह करीब छह बजे तब हुई, जब उनके पिता राजा भैया ने फोन कर कमरे का ताला बाहर से बंद होने की सूचना दी।
परिजनों के अनुसार, कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे। बाद में मां शिव प्यारी के सहयोग से दरवाजा खोला गया तो घर में चोरी की पुष्टि हुई। बक्से का सामान बिखरा पड़ा था और जेवर-नकदी गायब थे।
विनोद यादव ने बताया कि चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग छह लाख रुपये है। घटना के बाद परिवार ने थाना भरतकूप में तहरीर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाल के दिनों में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना है।
कुछ ग्रामीणों ने नाम न छापने की शर्त पर आरोप लगाया कि जब से पतौड़ा गांव में हल्के के नए दरोगा जी आए हैं, तब से क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र में सक्रिय दलालों के कारण पुलिस का भय कम हुआ है, जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
थाना भरतकूप प्रभारी ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। घटना की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।









