राधा बिहारी पाठक
चित्रकूट। जनपद में बेहतर परिवहन सुविधा को लेकर एक बार फिर आवाज बुलंद हुई है। चित्रकूट से शिवरामपुर, ग्राम पंचायत भैसौंधा और ओरन होते हुए बबेरू तक नियमित बस सेवा शुरू करने की मांग को लेकर परिवहन विभाग के क्षेत्रीय प्रबंधक को पत्र सौंपा गया है।
महावीर फाऊंडेशन ट्रस्ट, लखनऊ के चेयरमैन डॉ. वी.एन. सिंह की ओर से क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन विभाग, चित्रकूट को संबोधित पत्र में कहा गया है कि परिवहन मंत्री के निर्देशानुसार उक्त रूट पर नियमित बस सेवा संचालित की जानी चाहिए। इससे न केवल चित्रकूट जनपद बल्कि आसपास के जिलों के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
प्रस्तावित रूट चित्रकूट से शिवरामपुर, भैसौंधा और ओरन होते हुए बबेरू तक जाएगा। इस मार्ग के शुरू होने से बांदा, फतेहपुर सहित विशेष रूप से कानपुर और लखनऊ आने-जाने वाले यात्रियों को सुगम परिवहन सुविधा मिल सकेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्तमान में इस मार्ग पर सीधी और नियमित बस सेवा उपलब्ध न होने से विद्यार्थियों, व्यापारियों और मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। नई बस सेवा शुरू होने से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, छात्रों को समय पर शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने में सहूलियत होगी और मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं तक त्वरित पहुंच मिल सकेगी।
पत्र में बस संचालन के लिए संभावित समय-सारणी का भी सुझाव दिया गया है। प्रस्ताव के अनुसार सुबह 8 बजे चित्रकूट से बस प्रस्थान कर शिवरामपुर, भैसौंधा होते हुए लगभग 11 बजे तक बबेरू पहुंचे। इसी प्रकार वापसी के लिए भी निर्धारित समय तय करने का अनुरोध किया गया है, ताकि यात्रियों को नियमित और भरोसेमंद सेवा मिल सके।
पत्र में क्षेत्रीय प्रबंधक से अनुरोध किया गया है कि मंत्री के निर्देशों का पालन करते हुए शीघ्र बस रूट की स्वीकृति प्रदान की जाए। इससे चित्रकूट समेत आसपास के जिलों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिल सकेगा और क्षेत्र में आवागमन की समस्या काफी हद तक दूर हो सकेगी।
स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने भी परिवहन विभाग से जनहित को ध्यान में रखते हुए इस रूट पर जल्द से जल्द बस सेवा शुरू करने की मांग की है।









