टोल प्लाजा बना मुसीबत, शहाबपुर में जल निकासी ठप

लघु उद्योगों पर जलभराव की मार, कारोबार प्रभावित

किसानों को आर्थिक नुकसान, जल निकासी बहाल करने की मांग

 

 

*बलवान सिंह बाराबंकी*

 

 

बाराबंकी

विकास की रफ्तार बढ़ाने के नाम पर बने टोल प्लाजा ने जहां राजस्व और आवागमन को गति दी है, वहीं ग्राम पंचायत शहाबपुर के लिए यह मुसीबत का सबब बन गया है। शहाबपुर में टोल प्लाजा निर्माण के बाद वर्षों से चली आ रही जल निकासी व्यवस्था ठप हो गई है, जिससे गांव में भीषण जलभराव की समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश व्याप्त है।

बताया गया कि नवाबगंज तहसील के अंतर्गत आने वाली शहाबपुर, जनपद की दूसरी सबसे बड़ी ग्राम पंचायत है। यह बुनकर बाहुल्य क्षेत्र है, जहां लघु एवं कुटीर उद्योग विशेषकर कपड़ा रंगाई, गमछा व स्टॉल निर्माण का बड़ा कारोबार होता है। घरेलू इकाइयों और छोटे कारखानों से निकलने वाले पानी की निकासी पूर्व में सड़क किनारे बनी नालियों और ह्यूम पाइपों के माध्यम से होती थी।

ग्रामीणों का आरोप है कि नेशनल हाईवे 27C पर टोल प्लाजा निर्माण के दौरान तालाब और परती भूमि पर कार्य करते समय जल निकासी के प्राकृतिक मार्ग को बंद कर दिया गया। इतना ही नहीं, जल निकासी के लिए डाले गए ह्यूम पाइपों को भी मिट्टी से पाट दिया गया, जिसके अवशेष आज भी मौके पर देखे जा सकते हैं। परिणामस्वरूप गांव के किनारे बड़े पैमाने पर जलभराव हो रहा है, जिससे किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

गांव में लंबे समय से भरे पानी के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दिनों में स्थिति और भयावह हो जाती है, जिससे आवागमन और आजीविका दोनों प्रभावित होते हैं।

ग्राम प्रधान श्रीमती अर्शीन ने बताया कि इस संबंध में 15 जुलाई 2023 से कई पत्र समाधान दिवस में दिए दिनाँक 21 फरवरी 2026 को फिर प्रार्थना पत्र देकर समस्या का हल निकालने का निवेदन किया। लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। शिकायतोंई के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।

ग्रामीणों ने तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देकर मांग की है कि टोल प्लाजा निर्माण से बाधित जल निकासी को तत्काल पुनः चालू कराया जाए, ताकि गांव को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके। अब देखना यह है कि प्रशासन ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेता है।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें