एसडीएम के आदेशों को ठेंगा, राजस्व कर्मियों पर दबंगों को संरक्षण देने का आरोप

तलाब के भीटे की सरकारी जमीन पर कब्जा, शिकायत के बाद भी नहीं रुका निर्माण कार्य

 

पंकज सिंह राणा 

भरतकूप(चित्रकूट)कर्वी तहसील क्षेत्र में राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। मामला ग्राम अकबरपुर (ब) का है, जहां तालाब के भीटे में मंदिर रोड स्थित मेन रोड से लगी बेस कीमती सरकारी जमीन पर दबंगों द्वारा कब्जा किए जाने का आरोप है।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि मामले की जानकारी उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को दी जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य पर रोक नहीं लग सकी है। आरोप है कि एसडीएम के आदेशों को राजस्व विभाग के कर्मचारी गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, जिसके चलते दबंगों के हौसले बुलंद हैं।

 

सूत्रों की मानें तो कुछ राजस्व कर्मियों पर सुविधा शुल्क लेकर अवैध निर्माण को खुली छूट देने के आरोप लग रहे हैं। चर्चा यह भी है कि जब अवैध निर्माण पूरा हो जाता है, तब संबंधित लेखपाल धारा 67 की कार्रवाई का हवाला देकर औपचारिकता निभा लेते हैं और अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेते हैं।

 

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई की जाए तो कोई भी व्यक्ति सरकारी जमीन पर कब्जा करने की हिम्मत न करे। आरोप यह भी है कि राजस्व विभाग के कुछ कर्मचारी उच्च अधिकारियों को गुमराह कर मामले में लीपापोती कर देते हैं।

 

अब देखना यह होगा कि जिलाधिकारी इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाते है और सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराने के लिए कब तक ठोस कार्रवाई होती है।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें