निहाल शुक्ला कौशांबी। आगामी होली और ईद के मद्देनजर पश्चिम शरीरा पुलिस ने अपनी धमक से अपराधियों और हुड़दंगियों के होश फाख्ता कर दिए हैं। थानाध्यक्ष हरीश तिवारी के जांबाज नेतृत्व में जब पुलिस का भारी लाव-लश्कर और खाकी की टुकड़ी कस्बा पश्चिम शरीरा, गोराजू और गढ़ी की गलियों में उतरी, तो मानों पूरे इलाके में कानून के शासन का शंखनाद हो गया। यह सिर्फ एक फ्लैग मार्च नहीं, बल्कि ‘एरिया डोमिनेशन’ के जरिए उन आस्तीन के सांपों को खुली चेतावनी थी जो त्योहारों की आड़ में माहौल बिगाड़ने का ख्वाब पालते हैं।
बाजारों और भीड़भाड़ वाले चौराहों पर कदमताल करती पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि सौहार्द से खिलवाड़ करने वालों के लिए जेल के दरवाजे खुले हैं। थानाध्यक्ष ने कड़े लहजे में ललकारते हुए कहा कि पुलिस की पैनी नजर अब सोशल मीडिया के बंद कमरों से लेकर सड़कों के हर कोने तक है। अफवाह फैलाने वालों और शांति भंग करने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी। पुलिस के इस आक्रामक तेवर ने जहां आम शहरी के सीने में सुरक्षा का फौलादी भरोसा भरा है, वहीं कानून तोड़ने वालों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है। कौशांबी पुलिस का यह ‘एक्शन मोड’ अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।









