मोहम्मद सुहेल, ब्यूरो चीफ (श्रावस्ती)
परशुराम नगर बाजार (इकौना), श्रावस्ती।
भारतीय सुभाष सेना द्वारा “उत्तर प्रदेश बचाओ–उत्तर प्रदेश बनाओ” अभियान के तहत परशुराम नगर बाजार, विकास खंड इकौना में एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम एवं जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद प्रताप सिंह रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विदुषी कुमारी संगीता शर्मा उपस्थित रहीं। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष हरीराम चौधरी, जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह चौहान, महासचिव राम कुमार वर्मा, सीताराम चौहान, बाबूराम यादव, जगदीश प्रसाद चौहान, गुरु प्रसाद वर्मा, राजेंद्र प्रसाद गौतम, नंदलाल विश्वकर्मा, आत्माराम यादव, मंशाराम यादव, रिंकू सुभाष, ज्ञान चंद्र गोस्वामी, दिवाकर गोस्वामी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने “परिवर्तन संकल्प पत्र–2027” के प्रमुख बिंदुओं को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि वर्ष 1980 से अब तक के वर्तमान एवं भूतपूर्व सांसदों, विधायकों तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की संपत्तियों की जांच कराई जाएगी और आय से अधिक संपत्ति पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने का संकल्प भी दोहराया गया।
संकल्प पत्र में 5 लाख रुपये तक किसानों एवं मजदूरों का कर्ज माफ करने, 10 लाख रुपये तक 5 वर्षों के लिए ब्याज मुक्त ऋण देने, कृषि को उद्योग का दर्जा प्रदान करने, प्रत्येक ग्राम सभा में गौशाला खोलने, गोबर एवं दूध की निर्धारित मूल्य पर खरीद सुनिश्चित करने, विधवा एवं वृद्धजनों को पेंशन देने, बेटियों की शादी हेतु 3 लाख रुपये अनुदान देने, शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क करने तथा 1 करोड़ 50 लाख लोगों को नौकरी और 5 करोड़ लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने जैसे वादे शामिल हैं।
वक्ताओं ने वर्ष 2027 को लक्ष्य बताते हुए जनता से अधिक से अधिक समर्थन देने की अपील की और प्रदेश में नई व्यवस्था स्थापित करने का संकल्प दोहराया।









