कौशाम्बी में ‘ऑपरेशन शुद्धता’ का बड़ा वार।

होली से पहले मिलावटखोरों पर प्रशासन का शिकंजा, नकली पनीर के खेल की भी जांच शुरू।

 

संवाददाता निहाल शुक्ला

 

कौशाम्बी। होली के मद्देनज़र जिले में मिलावटखोरी के खिलाफ प्रशासन ने व्यापक अभियान छेड़ दिया है। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शुद्धता’ के तहत मंझनपुर तहसील प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने पश्चिम शरीरा और आसपास के बाजारों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। कार्रवाई से मिठाई व डेयरी कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

पश्चिम शरीरा में जांच करती खाद्य विभाग की टीम साथ में नायब तहसीलदार मोबीन खान

दयाराम स्वीट हाउस में गंदगी पर नोटिस, नमूने सील।

 

पश्चिम शरीरा स्थित प्रसिद्ध दयाराम स्वीट हाउस पर छापे के दौरान टीम ने खोया और गुझिया के नमूने लेकर सील किए। निर्माण स्थल पर गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियां मिलने पर अधिकारियों ने कड़ी नाराज़गी जताई और मौके पर ही सुधार नोटिस जारी कर जवाब तलब किया।

 

जयराम स्वीट्स और पप्पू किराना भी रडार पर।

 

इसके बाद टीम ने पश्चिम शरीरा चौराहे पर स्थित जयराम स्वीट्स से खोया का नमूना लिया। कुमियावा बाजार के पप्पू किराना स्टोर से बेसन का नमूना भरा गया। दुकान में एक्सपायर मसालों का जखीरा मिलने पर टीम ने उन्हें मौके पर ही नष्ट करवा दिया।

 

अब नकली पनीर पर भी शिकंजा।

 

सूत्रों के अनुसार, पश्चिम शरीरा क्षेत्र की कुछ दुकानों में नकली पनीर की सप्लाई और बिक्री की शिकायतें भी सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि त्योहार के दौरान मांग बढ़ने का फायदा उठाकर कुछ कारोबारी सिंथेटिक या मिलावटी पनीर खपाने की कोशिश कर रहे हैं। खाद्य सुरक्षा टीम ने ऐसे प्रतिष्ठानों को चिन्हित कर जांच शुरू कर दी है और संदिग्ध पनीर के नमूने लेने की तैयारी की जा रही है।

 

26 नमूने लैब भेजे गए, फेल होने पर सख्त कार्रवाई

 

खाद्य सुरक्षा अधिकारी नितिन कुमार और डॉ. भरत कुमार मिश्रा ने बताया कि अब तक जिले भर से 26 नमूने प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजे जा चुके हैं। यदि किसी भी नमूने की रिपोर्ट फेल पाई जाती है तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें भारी जुर्माना और जेल की सजा भी हो सकती है।

 

जनता से सतर्क रहने की अपील

 

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि मिठाई, खोया या पनीर खरीदते समय गुणवत्ता और ताजगी अवश्य जांचें तथा एक्सपायरी डेट देखकर ही सामान लें। किसी भी संदिग्ध खाद्य सामग्री की सूचना तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग को दें।

 

जिलाधिकारी के नेतृत्व में चल रहा ‘शुद्धता का संग्राम’ होली तक लगातार जारी रहेगा। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है—त्योहार की खुशियों में जहर घोलने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें