नवनिर्मित थाना भरतकूप प्रशासनिक भवन का लोकार्पण

एडीजी प्रयागराज जोन ने फीता काटकर किया उद्घाटन

 

पुलिसिंग में पारदर्शिता व दक्षता बढ़ाने पर जोर

 

अश्विनी श्रीवास्तव

चित्रकूट। जनपद के भरतकूप थाना क्षेत्र को शुक्रवार को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नया प्रशासनिक भवन मिल गया। दिनांक 27 फरवरी 2026 को अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन प्रयागराज ज्योति नारायण ने पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम बांदा राजेश एस व पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह की उपस्थिति में नवनिर्मित थाना प्रशासनिक भवन भरतकूप का विधिवत फीता काटकर शिलापट्ट के अनावरण के साथ लोकार्पण किया। समारोह भव्य व गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

लोकार्पण के उपरांत एडीजी ने भवन का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, अभिलेख कक्ष, मालखाना, बैरक सहित अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक संसाधनों से युक्त यह भवन पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और गति लाएगा, जिससे आमजन को त्वरित व बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

 

एडीजी ने थाना परिसर में वृक्षारोपण भी किया। इस दौरान डीआईजी और अन्य अधिकारियों ने भी पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया कि थाना परिसर को स्वच्छ व सुव्यवस्थित रखा जाए, अभिलेखों को अद्यतन बनाए रखा जाए तथा फरियादियों के साथ संवेदनशील व सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा को प्राथमिकता देने और जनसहयोग आधारित पुलिसिंग को प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया।

 

पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने एडीजी का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद पुलिस आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

उद्घाटन समारोह में कृष्णा पटेल, पूर्व सांसद आर के सिंह पटेल, पूर्व सांसद भैरो प्रसाद मिश्रा, पूर्व राज्यमंत्री चन्द्रिका प्रसाद उपाध्याय, जिलाध्यक्ष अशोक जाटव, को-ऑपरेटिव बैंक चेयरमैन बांदा पंकज अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक सत्यपाल सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर अरविन्द वर्मा, प्रतिसार निरीक्षक रामाशीष यादव, प्रभारी निरीक्षक भरतकूप उपेन्द्र प्रताप सिंह सहित पुलिस बल के अधिकारी-कर्मचारी व क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें