दो पक्षों के विवाद में एकतरफा कार्रवाई का आरोप

दो पक्षों के विवाद में एकतरफा कार्रवाई का आरोप

अवैध शराब बंदी पर भड़का गांव का टकराव

ग्रामीणों ने वर्षों से कच्ची शराब का लगाया आरोप

पुलिस पर जबरन थाने ले जाने की शिकायत

यूपी फाइट टाइम्स

प्रयागराज। यमुनानगर के मेजा तहसील व थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कोहड़ार स्थित जल निगम के समीप सोनकर मोहल्ला में एससी-एसटी समाज के साथ बैकवर्ड समाज के कई परिवार वर्षों से निवास कर रहे हैं। गुरुवार, 26 फरवरी 2026 को सुबह लगभग 11 से 12 बजे के बीच रमज़ान माह में गांव में अवैध कच्ची शराब की बिक्री बंद कराने को लेकर दो पक्षों में विवाद उत्पन्न हो गया।

विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। ग्रामीणों के अनुसार सोनकर समाज आर्थिक व संख्या में मजबूत होने के कारण महिला-पुरुष एकत्र होकर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों के साथ बैकवर्ड समाज के घरों में घुसकर मारपीट करने लगे। इस दौरान दोनों पक्षों के कई महिला-पुरुष घायल हुए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस के सामने भी उपद्रव नहीं थमा।

बैकवर्ड समाज का आरोप है कि कुछ समय बाद कोहड़ार पुलिस चौकी और थाना मेजा की पुलिस ने जबरन कक्षा पाँच, आठ और दस की छात्राओं को पुरुष पुलिस वाहन में बैठाकर थाने ले जाकर रातभर रोके रखा। आरोप है कि बिटोला पत्नी पंचू सोनकर की तहरीर पर एकतरफा कार्रवाई करते हुए सिरताज पुत्र निसार अहमद, दुलारे पुत्र अज्ञात, छोटू पुत्र यार मोहम्मद तथा छोटू पुत्र मुस्ताक सहित चार लोगों पर एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

स्थानीय ग्रामीणों (नाम गोपनीय) का कहना है कि सोनकर समाज के कुछ घरों—रेही सोनकर, पंचू पुत्र मुसई आदि—में वर्षों से अवैध कच्ची शराब बनाने और बेचने का धंधा चल रहा है। जबकि कोहड़ार पुलिस चौकी की दूरी गांव से लगभग दो किलोमीटर है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस समय-समय पर पहुंचकर कथित तौर पर पैसे लेकर मामले को दबा देती है, जिससे अवैध धंधा निर्बाध चलता रहता है। पत्रकार द्वारा सोनकर समाज के कुछ घरों से संपर्क का प्रयास किया गया, परंतु संपर्क नहीं हो सका।

मामले को लेकर मुस्लिम समुदाय ने शासन-प्रशासन और सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष आंतरिक जांच कराकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई तथा जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

वहीं, मामले में एसीपी मेजा सी. पी. उपाध्याय ने बताया कि कोहड़ार सोनकर बस्ती में दो समुदायों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी। दोनों पक्षों को थाने लाकर प्रारंभिक जांच के आधार पर विधिक कार्रवाई की गई है। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें