– एसडीएम को दी गई थी जानकारी, जांच के बाद कार्रवाई का दिया था आश्वासन
अश्विनी श्रीवास्तव
भरतकूप(चित्रकूट)तहसील कर्वी के ग्राम अकबरपुर (ब) स्थित मंदिर रोड पर तालाब की भूमि पर अवैध निर्माण का मामला सामने आया है। आरोप है कि गाटा संख्या 874 क (चारागाह) और 874 ख (तालाब का भीटा) की जमीन पर भू-माफिया ने कब्जा कर लेंटर डाल दिया। हैरानी की बात यह है कि इस मामले को लेकर कई दिनों तक सोशल मीडिया पर खबरें चलती रहीं और स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन को जानकारी दी, इसके बावजूद अवैध निर्माण रुक नहीं सका।
ग्रामीणों के अनुसार तालाब के भीटे की जमीन सार्वजनिक उपयोग की है और इस पर किसी प्रकार का निजी निर्माण करना नियमों के विरुद्ध है। इसके बावजूद कथित भू-माफिया ने मौके पर पक्का निर्माण शुरू करा दिया और अब वहां तक लेंटर भी पड़ चुका है।
प्रदेश सरकार लगातार तालाबों और चारागाह की जमीनों से अवैध कब्जे हटाने की बात कर रही है। मुख्यमंत्री स्तर से भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सरकारी और सार्वजनिक भूमि पर किसी भी तरह का अतिक्रमण न होने दिया जाए। लेकिन अकबरपुर (ब) का यह मामला प्रशासनिक दावों पर सवाल खड़ा करता नजर आ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि राजस्व विभाग के अधिकारियों को इस अवैध निर्माण की जानकारी पहले से थी। इसके बावजूद निर्माण कार्य को समय रहते नहीं रोका गया। ग्रामीणों का आरोप है कि अगर शुरुआती स्तर पर ही कार्रवाई की जाती तो तालाब के भीटे पर पक्का निर्माण नहीं हो पाता।
बताया जाता है कि इस संबंध में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कर्वी को भी सूचना दी गई थी। एसडीएम ने उस समय मामले की जांच कराकर कार्रवाई करने की बात कही थी। हालांकि जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही मौके पर निर्माण कार्य आगे बढ़ता गया और लेंटर डाल दिया गया।
अब सवाल यह उठ रहा है कि जब मामला प्रशासन के संज्ञान में था तो फिर अवैध निर्माण कैसे हो गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तालाब और चारागाह की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।









