कौशाम्बी। उत्तर प्रदेश के पुलिस महकमे में आज कौशाम्बी जनपद का नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो गया है। मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल IGRS (जनसुनवाई पोर्टल) की फरवरी 2026 की ताजा रैंकिंग में कौशाम्बी पुलिस ने पूरे उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों को पछाड़ते हुए प्रथम स्थान (Rank-1) हासिल कर एक ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। यह कामयाबी महज एक आंकड़ा नहीं, बल्कि पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति और जन-जन तक न्याय पहुँचाने के अटूट संकल्प का परिणाम है।
जिले के 14 थानों की टीम ने जिस मुस्तैदी और संवेदनशीलता से पीड़ितों की शिकायतों का निस्तारण किया, उसने कौशाम्बी मॉडल को पूरे प्रदेश के लिए एक मिसाल बना दिया है। आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली हर एक अर्जी पर खुद कप्तान की पैनी नजर रही, जिसका नतीजा यह हुआ कि समयबद्धता और गुणवत्ता के मामले में कौशाम्बी ने शत-प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश की शीर्ष कुर्सी पर कब्जा जमा लिया।
इस गौरवशाली उपलब्धि पर SP राजेश कुमार ने जिले के हर उस सिपाही और अधिकारी की पीठ थपथपाई है, जिसने दिन-रात एक कर जनता की समस्याओं को अपनी प्राथमिकता बनाया। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि यह तो अभी शुरुआत है, कौशाम्बी पुलिस का असली मकसद हर उस गरीब और लाचार की आवाज बनना है जिसे न्याय की दरकार है। इस महा-विजय ने साबित कर दिया है कि अगर नेतृत्व दमदार हो और टीम में जज्बा, तो पहाड़ जैसी चुनौतियों को भी मात दी जा सकती है। आज पूरा प्रदेश कौशाम्बी पुलिस की इस कार्यप्रणाली का लोहा मान रहा है।









