अश्विनी श्रीवास्तव
चित्रकूट जिले में पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कर्वी कोतवाली से जुड़ा कथित ऑनलाइन वसूली का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कर्वी कोतवाली प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
वायरल स्क्रीनशॉट के अनुसार, दो ओवरलोड ट्रकों को छोड़ने के एवज में करीब 90 हजार रुपये की ऑनलाइन वसूली किए जाने का आरोप है। बताया जा रहा है कि यह रकम कर्वी बस स्टैंड स्थित एक मोबाइल दुकान के QR कोड पर ट्रांसफर कराई गई।
इस पूरे मामले में मोबाइल दुकानदार की भूमिका भी संदेह के घेरे में आ गई है। आरोप है कि अवैध वसूली के इस कथित गोरखधंधे में उसकी संलिप्तता हो सकती है। स्क्रीनशॉट सामने आने के बाद पुलिस महकमे में खलबली मची हुई है और आंतरिक स्तर पर जांच की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
वहीं, सोशल मीडिया पर लोग मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।फिलहाल, यह देखना अहम होगा कि प्रशासन इस गंभीर आरोप पर क्या कदम उठाता है और वायरल स्क्रीनशॉट की सच्चाई जांच में क्या सामने आती है।









