रहस्यमयी हालात में कमांडो की मौत, बंद कमरे में मिला शव — पुलिस कमिश्नर एस्कॉर्ट का जवान आखिर क्यों उठा गया यह कदम?

*खिड़की से दिखा खौफनाक मंजर, दरवाजा अंदर से बंद… कोई सुसाइड नोट नहीं, वजह बनी पहेली*

 

प्रयागराज। शहर में शुक्रवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब पुलिस कमिश्नर के एस्कॉर्ट में तैनात उन्नतीस वर्ष के कमांडो कृपाल सिंह का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उनके कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना कैंट थाना क्षेत्र के गंगानगर राजापुर मोहल्ले की है, जहां वह ओमप्रकाश पटेल के मकान में किराए पर रहते थे। बताया जा रहा है कि कृपाल सिंह मकान के तीसरे फ्लोर पर अकेले रहते थे। शुक्रवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो मकान मालिक को शक हुआ। जब उन्होंने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। तुरंत आसपास के लोगों को बुलाया गया और पुलिस को सूचना दी गई। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद बताया जा रहा है, जिससे मामला और रहस्यमय हो गया है। कमरे की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, जिससे घटना की वजह अभी भी साफ नहीं हो सकी है। घटना की जानकारी मिलते ही कृपाल सिंह के भाई ओमवीर सिंह, जो प्रयागराज में ही सिपाही के पद पर तैनात हैं, मौके पर पहुंच गए। परिवार और साथी जवान इस घटना से स्तब्ध हैं और किसी को समझ नहीं आ रहा कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि कमांडो को यह कदम उठाना पड़ा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन हर पहलू से जांच की जा रही है। कॉल डिटेल, ड्यूटी रिकॉर्ड, निजी संबंध और मानसिक स्थिति सहित कई बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार, कृपाल सिंह की ड्यूटी हाल के दिनों में पुलिस कमिश्नर एस्कॉर्ट में लगी थी, जिसे संवेदनशील जिम्मेदारी माना जाता है। ऐसे में अचानक हुई इस घटना ने पुलिस विभाग के अंदर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आने की बात कह रही है, लेकिन बंद कमरे, बिना नोट और अचानक हुई मौत ने इस पूरे मामले को सस्पेंस बना दिया है।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें