करंट लगने से भैंस की मौत, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

मोहम्मद सुहेल, ब्यूरो चीफ (श्रावस्ती)

श्रावस्ती।

जनपद के ग्राम पंचायत बेलहा राघव में मवेशी चरा रहे किसान राकेश कुमार यादव की भैंस की करंट लगने से मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के पास स्थित डबल पोल ट्रांसफार्मर के निकट एक विद्युत तार काफी समय से लटक रहा था। बताया जा रहा है कि भैंस चरते-चरते ट्रांसफार्मर के पास पहुंच गई, इसी दौरान लटका हुआ तार उसके सींग में फंस गया। उसी समय विद्युत आपूर्ति चालू होने के कारण भैंस की मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि यह हादसा बिजली विभाग की लापरवाही के चलते हुआ है। उनका कहना है कि लटकते तार की शिकायत पूर्व में भी की गई थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई।

घटना के बाद ग्रामीणों ने विभाग से मुआवजा दिलाने तथा दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें