पौसला चौराहे पर युवक व मां पर जानलेवा हमला, दबंगों ने लाठी-डंडों से किया घायल

ईंट-पत्थर बरसाकर किया हमला, पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेज शुरू की जांच

 

यूपी फाइट टाइम्स

प्रयागराज। यमुनापार के तहसील कोरांव अंतर्गत खीरी थाना क्षेत्र के ग्राम टोंगा के पौसला चौराहे पर मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे एक युवक और उसकी मां पर दबंगों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जानकारी के अनुसार, टोंगा कला निवासी बुलबुल (45) पुत्र कल्लू खान अपनी मां सवाना बेगम के साथ इलाज कराने के लिए पौसला चौराहे आया था। वापस लौटते समय सहज जन सेवा केंद्र के सामने पहले से घात लगाए 5 से 7 हमलावरों ने दोनों पर हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की, जिससे बुलबुल का सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी मां को भी चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश चंद्र मिश्रा ने तत्काल डायल 112 और थाना खीरी पुलिस को सूचित किया। साथ ही 108 एंबुलेंस बुलाकर घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोरांव भिजवाया गया।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम, जिसमें अमित कुमार यादव व एसआई मनोज कुमार शामिल रहे, ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया।खीरी पुलिस के अनुसार, मारपीट करने वालों में कुंडवा उर्फ ऊंच गांव निवासी तस्वीर पुत्र फजीहत और बहार पुत्र फजीहत सहित अन्य अज्ञात लोग शामिल हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण मोहन सिंह ने बताया कि अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें