नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, न्यायालय भेजा

 

संवादाता मोहम्मद सुहेल खान

श्रावस्ती। जनपद के थाना सिरसिया क्षेत्र में नाबालिग के साथ जबरदस्ती छेड़छाड़ करने के मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आमजन में विश्वास बढ़ा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सिरसिया में दर्ज मु0अ0सं0 60/2026 के अंतर्गत धारा 75(2) बीएनएस एवं 9एम/10 पॉक्सो एक्ट के तहत एक नाबालिग के साथ छेड़छाड़ का मामला पंजीकृत किया गया था। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी।

इसी क्रम में दिनांक 25 मार्च 2026 को थानाध्यक्ष सिरसिया शैलकांत उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से आगे की कार्रवाई की जाएगी।

थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों के प्रति पुलिस पूरी तरह संवेदनशील है और ऐसे मामलों में त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें