*हटाया गया अस्थाई अतिक्रमण एक सप्ताह में पुनः बहाल -नींद में जिम्मेदार*
औंग ।फतेहपुर जनपद के औंग कस्बे में स्थित नेशनल हाईवे पुल के नीचे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार सवालों के घेरे में है। बीते एक वर्ष में करीब दस बार प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाया गया, लेकिन हर बार दो तीन दिन के भीतर ही अवैध कब्जे दोबारा स्थापित हो जाते हैं। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं । बताया जा रहा है कि अतिक्रमण हटाने के दौरान न तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाती है और न ही अतिक्रमणकारियों पर कोई प्रभावी जुर्माना या मुकदमा लगाया जाता है। यही वजह है कि कब्जाधारियों में प्रशासन का कोई भय नहीं रह गया है और वे बार बार उसी स्थान पर कब्जा कर लेते हैं । सूत्रों के अनुसार , जब भी नेशनल हाईवे और तहसील प्रशासन की टीम पूरी तैयारी के साथ कार्रवाई करने पहुंचती है , तभी अचानक किसी प्रकार का दबाव बन जाता है , जिसके चलते कार्रवाई बीच में ही रोक दी जाती है। इससे प्रशासन की मंशा और कार्य क्षमता दोनों पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।
वर्तमान में औंग कस्बे के हाईवे पुल के नीचे, नाले के किनारे और सर्विस रोड पर फिर से अवैध अतिक्रमण पूरी तरह बहाल हो चुका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक प्रशासन सख्त कदम नहीं उठाएगा और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक इस समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है । आवश्यकता है कि इस मामले में ठोस और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि आम जनता को राहत मिल सके और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।








