श्रावस्ती में दर्दनाक हादसा, नहाने गए युवक की डूबकर मौत

🔴 ब्रेकिंग न्यूज़ | श्रावस्ती में दर्दनाक हादसा, नहाने गए युवक की डूबकर मौत

मोहम्मद सुहेल, ब्यूरो चीफ श्रावस्ती

श्रावस्ती जनपद के थाना भिनगा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सहानिया गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है।

भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए चार दोस्त दोपहर में राप्ती नदी में नहाने गए थे। बताया जा रहा है कि तीन युवक नदी में उतर गए, जबकि चौथा किनारे पर खड़े होकर वीडियो बना रहा था। इसी दौरान अचानक नदी के तेज बहाव और गहराई के कारण तीनों युवक डूबने लगे।

मौके पर मौजूद दोस्त ने घबराकर शोर मचाया, जिसके बाद पास में मौजूद स्थानीय निवासी निजामुद्दीन ने बहादुरी का परिचय देते हुए नदी में छलांग लगा दी। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन तीसरा युवक गौतम (लगभग 17 वर्ष) गहरे पानी में लापता हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब तीन घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। काफी प्रयासों के बाद गौतम का शव नदी से बरामद कर लिया गया।

घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक गौतम के परिवार की स्थिति बेहद दयनीय बताई जा रही है। उसके पिता विकलांग हैं और चलने-फिरने में असमर्थ हैं, जबकि परिवार की जिम्मेदारी काफी हद तक गौतम के कंधों पर थी। घर में उसकी चार बहनें हैं, जिनमें से तीन विवाह योग्य हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और कुछ समय पहले ही दिल्ली से गांव लौटा था। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें