दोस्तों को बचाने में गहरे पानी में समाए मासूम, बामपुर घाट पर मचा कोहराम
यूपी फाइट टाइम्स
प्रयागराज। मांडा थाना क्षेत्र के बामपुर घाट पर शनिवार को गंगा स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। नहाने गए चार बच्चे गहरे पानी में डूब गए, जिनमें से दो की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई।जानकारी के अनुसार, बामपुर गांव के नौ बच्चे एक साथ गंगा में नहाने गए थे। स्नान के दौरान अचानक दो बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें बचाने के प्रयास में अन्य साथी भी आगे बढ़े, लेकिन गहराई का अंदाजा न होने के कारण चार बच्चे डूब गए। किसी तरह पांच बच्चे सुरक्षित बाहर निकल आए और उन्होंने शोर मचाकर लोगों को जानकारी दी।डूबने वालों में अनिल कुमार का पुत्र कुनाल (13), निहाल (10), राजाराम का पुत्र दीपक (17) और कमलेश कुमार का पुत्र ऋषभ (10) शामिल हैं।गोताखोरों ने कुनाल और दीपक के शव बरामद कर लिए हैं, जबकि निहाल और ऋषभ की तलाश देर शाम तक जारी रही।
प्रत्यक्षदर्शी कक्षा सात के छात्र अमन ने बताया कि सभी बच्चे एक साथ नहा रहे थे। इसी दौरान दो साथी अचानक गहराई में चले गए। उन्हें बचाने के प्रयास में अन्य बच्चे भी उस ओर बढ़े और हादसा हो गया।
घटना के बाद घाट पर अफरातफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। मृत बच्चों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और लापता बच्चों की तलाश में गोताखोर लगातार जुटे हुए हैं।








