​”मेरे जनाजे पर सबको आना है…” इंस्टाग्राम पर आख़िरी पैगाम लिख छात्रा ने दुनिया को कहा अलविदा

 

​इटावा | कार्यालय संवाददाता भरथना कस्बे के आदर्श नगर में एक 18 वर्षीय छात्रा की मौत ने न केवल एक परिवार को उजाड़ दिया, बल्कि पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। कक्षा 10 की छात्रा प्रिया कुशवाहा ने जहर खाने से पहले इंस्टाग्राम पर एक रूह कंपा देने वाला स्टेटस लगाया, जिसमें उसने लिखा— “मेरे जनाजे पर सभी को आना है, कोई बहाना नहीं चलेगा… मैं सच में जा रही सबको छोड़कर।” इस भावुक और डरावने संदेश के कुछ ही देर बाद छात्रा ने जहरीला पदार्थ गटक लिया। उसे गंभीर हालत में सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी ले जाया गया, जहाँ शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी सांसें थम गईं। मौत के बाद जब उसका यह सोशल मीडिया स्टेटस सामने आया, तो हर किसी की आंखें नम हो गईं।

​मृतका के पिता अरविंद कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में मोहल्ले के ही एक युवक शिवम और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता का कहना है कि आरोपी पक्ष शादी के नाम पर पांच लाख रुपये की मांग कर रहा था और रकम न देने पर उनकी बेटी को लगातार धमकाया जा रहा था। आरोप है कि छात्रा ने अस्पताल में दम तोड़ने से पहले बताया था कि उसे जहर खाने के लिए उकसाया गया और जहर भी उसी युवक ने मुहैया कराया था। बताया जा रहा है कि साल 2024 में भी आरोपी युवक के खिलाफ नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला दर्ज हुआ था, जिसके बाद दोनों परिवारों में शादी की बात चली थी, लेकिन बाद में रिश्ता टूटने से तनाव और बढ़ गया था।

​इस विवाद के चलते परिजनों ने प्रिया की पढ़ाई भी छुड़वा दी थी और उस पर कड़ी पाबंदियां लगा दी गई थीं, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थी। अपने दो भाइयों की इकलौती बहन प्रिया की मौत के बाद घर में मातम पसरा है और मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। भरथना थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें