राजापुर में SBI शाखा में भीषण आग, अहम रिकॉर्ड जलकर राख

 

– दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

 

अश्विनी श्रीवास्तव

चित्रकूट। जिले के राजापुर कस्बे में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की एक शाखा में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और बैंक के भीतर रखे कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर खाक हो गए। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही बैंक परिसर से आग की लपटें उठीं, वहां लगे सायरन बजने लगे। सायरन की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

 

सूचना मिलते ही राजापुर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। राजापुर थाना प्रभारी लाखन सिंह ने बताया कि दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है।

 

पुलिस के अनुसार, बैंक कर्मचारियों को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके मौके पर पहुंचने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि बैंक के अंदर रखे कई अहम रिकॉर्ड आग की चपेट में आकर नष्ट हो गए हैं।

 

घटना के समय बैंक में कर्मचारियों की मौजूदगी थी या नहीं, इसको लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। हालांकि, राहत की बात यह है कि किसी भी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो नुकसान और भी ज्यादा हो सकता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आग लगने के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें