■ डांडिया नृत्य और जयकारों के बीच माहौल हुआ भक्तिमय
ब्यूरो चीफ बाराबंकी
बाराबंकी के अतिशय क्षेत्र त्रिलोकपुर में महावीर जयंती के अवसर पर निकली भव्य रथयात्रा ने पूरे कस्बे को आस्था और भक्ति के रंग में रंग दिया। जगह-जगह फूलों की बारिश कर श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर का स्वागत किया, वहीं वातावरण में फैली सुगंध और जयकारों की गूंज ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।
रथयात्रा में शामिल महिलाएं डांडिया नृत्य करती हुई भक्ति गीतों पर झूमती नजर आईं। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं के उत्साह ने कार्यक्रम की शोभा और बढ़ा दी। पूरे रास्ते श्रद्धालु भगवान महावीर के जयकारे लगाते रहे और लोग हाथ जोड़कर रथयात्रा का स्वागत करते दिखाई दिए।
मंदिर परिसर से निकली यह रथयात्रा मुख्य बाजार और प्रमुख चौराहों से होकर गुजरी, जहां लोगों ने पुष्प वर्षा कर श्रद्धा व्यक्त की। जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण भी किया गया, जिससे माहौल और भी पावन हो उठा।
जैन समाज के अध्यक्ष सुनील जैन, मुकेश जैन और राजू जैन की निगरानी में पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और भव्य तरीके से संपन्न हुआ।









