मानक विहीन निर्माण की भेंट चढ़ रहा ग्राम सचिवालय, जिम्मेदार मौन

 

अश्विनी श्रीवास्तव 

चित्रकूट। विकासखंड कर्वी के अंतर्गत ग्राम पंचायत मुकुंदपुर में नव निर्माणाधीन ग्राम सचिवालय में भारी अनियमितताओं का मामला सामने आया है। निर्माण कार्य में मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है, जिससे भवन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

 

ग्रामीणों के अनुसार सचिवालय के निर्माण में थर्ड क्लास ईंटों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इतना ही नहीं, ईंटों की जुड़ाई में सीमेंट और बालू की जगह डस्ट का प्रयोग किया जा रहा है, जो निर्माण की मजबूती को सीधे तौर पर प्रभावित करता है। आरोप है कि ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव की मिलीभगत से ठेकेदार इस घटिया निर्माण कार्य को अंजाम दे रहा है।

सबसे चिंताजनक बात यह है कि भवन की नींव ही कमजोर बनाई जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार यदि नींव ही मानक के अनुरूप न हो तो पूरा भवन भविष्य में कभी भी जर्जर होकर गिर सकता है, जिससे जानमाल का खतरा भी उत्पन्न हो सकता है।

 

ग्रामीणों ने इस मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से करने की बात कही है। उनका कहना है कि यदि समय रहते जांच कर कार्रवाई नहीं की गई तो सरकारी धन की बर्बादी के साथ-साथ एक असुरक्षित भवन खड़ा हो जाएगा।

 

फिलहाल संबंधित अधिकारी इस पूरे मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर लापरवाही पर क्या कदम उठाता है।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें