अश्विनी श्रीवास्तव
चित्रकूट। तहसील राजापुर क्षेत्र के नादिन कुर्मियांन गांव निवासी चीफ फार्मासिस्ट शिव नरेश सिंह के छोटे पुत्र योगेंद्र सिंह ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (पीसीएस) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर तहसीलदार पद प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जनपद में गर्व और खुशी का माहौल है। परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में उत्साह देखा जा रहा है।
योगेंद्र सिंह इससे पहले संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा उत्तीर्ण कर नई दिल्ली स्थित मिनिस्ट्री ऑफ यूथ अफेयर्स में जिला यूथ ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे। अब पीसीएस में सफलता हासिल कर उन्होंने एक और महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया है।
बताया जाता है कि योगेंद्र सिंह के बाबा कुबेर सिंह, जो पेशे से शिक्षक थे, का सपना था कि उनके नाती योगेंद्र और अभिषेक प्रशासनिक सेवा में जाकर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन करें। योगेंद्र सिंह ने अपने बाबा के इस सपने को साकार करते हुए कड़ी मेहनत और लगन से यह सफलता प्राप्त की। उन्होंने पहले ही लक्ष्य तय कर लिया था कि उन्हें आईएएस/पीसीएस परीक्षा में सफलता हासिल करनी है, जिसे उन्होंने अब पूरा कर दिखाया।
योगेंद्र सिंह प्रख्यात शिक्षक नेता अशर्फीलाल सिंह के नाती हैं तथा युवा समाजसेवी बीपी पटेल के सगे भांजे हैं। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार में खुशी की लहर है। बीपी पटेल ने भांजे की सफलता की खबर मिलते ही इष्ट मित्रों को मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया।
परिवार की उपलब्धियों की बात करें तो योगेंद्र सिंह के बड़े भाई वर्तमान में अयोध्या मंदिर प्रशासन में एसडीएम के पद पर कार्यरत हैं। योगेंद्र की सफलता से क्षेत्र में प्रेरणा का माहौल बना हुआ है।
उधर, योगेंद्र सिंह को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। क्षेत्र के गणमान्य लोगों सहित मित्रों और शुभचिंतकों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।









