*फ्लैग मार्च निकाल कर शिक्षा के प्रति जगाई अलख*
देवमई (फतेहपुर)। शासन के निर्देशानुसार नए शिक्षा सत्र के पहले दिन बुधवार को पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय सरांय महमूदपुर में ‘स्कूल चलो अभियान’ का विधिवत आगाज हुआ। विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने मिलकर गांव की गलियों में एक भव्य फ्लैग मार्च निकाला। हाथों में शिक्षाप्रद स्लोगन लिखी पट्टियां और ‘पढ़ेगा इंडिया, तभी तो बढ़ेगा इंडिया’ के नारों के साथ बच्चों ने पूरे गांव का भ्रमण किया और अभिभावकों को अपने नौनिहालों का स्कूलों में दाखिला कराने के लिए प्रेरित किया।
1 अप्रैल से शुरू हुए इस विशेष अभियान के तहत शिक्षकों ने ग्रामीणों और अभिभावकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने बताया कि सरकारी स्कूलों में अब कॉन्वेंट जैसी आधुनिक सुविधाएं और बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध है। फ्लैग मार्च के जरिए जनता को यह संदेश दिया गया कि बच्चों का उज्ज्वल भविष्य सिर्फ शिक्षा से ही संभव है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक कार्यवाहक शिव प्रसाद सहायक अध्यापक दीपक सहायक अध्यापिका शुभा दीक्षित अंकिता शुक्ला मीनाक्षी गुप्ता जया राठौड़ सीता गुप्ता सहित समस्त स्टाफ ने घर-घर जाकर लोगों को शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य गांव के हर बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और ड्रॉपआउट दर को शून्य पर लाना है। स्कूल के इस प्रयास की ग्रामीणों ने भी सराहना की और अपने बच्चों को नियमित स्कूल भेजने का संकल्प लिया। इस दौरान विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य और भारी संख्या में बच्चे व ग्रामीण मौजूद रहे।








