खाना बनाते समय लगी भीषण आग, फूस का मकान जलकर राख – विधवा महिला पर टूटा दुखों का पहाड़

 

 

➡️ श्रावस्ती के इकौना क्षेत्र में हादसा, धान-गेहूं समेत घर का सारा सामान खाक

➡️ दो मासूम बच्चों के साथ बेघर हुई पीड़िता, खाने तक का संकट

 

 

 

जिला ब्यूरो मोहम्मद सुहेल खान

 

 

 

 

जनपद श्रावस्ती के विकासखंड इकौना अंतर्गत ग्राम कल्याणपुर के मजरा लखाही में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां खाना बनाते समय अचानक फूस के मकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा धान, गेहूं, कपड़े और अन्य घरेलू सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत एकजुट होकर आग बुझाने का प्रयास किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर नष्ट हो चुका था।

पीड़ित गृहणी रेणु देवी, पत्नी स्वर्गीय राजकुमार, ने बताया कि वह दोपहर में घर पर खाना बना रही थीं। इसी दौरान किसी काम से बाहर निकलीं, तभी अचानक देखा कि उनके फूस के मकान में आग लग चुकी है। जब तक वह कुछ समझ पातीं, आग ने पूरे घर को घेर लिया।

रेणु देवी ने बताया कि उनके पति की लगभग तीन वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है। इसके बाद ससुर ने उन्हें अलग कर दिया, जिससे वह अपने दो छोटे-छोटे नाबालिग बच्चों के साथ अकेले जीवन यापन कर रही हैं। इस हादसे के बाद उनके पास न तो खाने के लिए अनाज बचा है और न ही पहनने के लिए कपड़े।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सामग्री और आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि वे इस कठिन परिस्थिति से उबर सकें।

स्थिति गंभीर:

इस घटना ने एक गरीब और असहाय परिवार को पूरी तरह झकझोर कर रख दिया है। अब पीड़िता और उसके मासूम बच्चों के सामने दो वक्त की रोटी का भी संकट खड़ा हो गया है। प्रशासनिक मदद का इंतजार बना हुआ है।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें