अश्विनी श्रीवास्तव
चित्रकूट। समाज में बढ़ते नशे और साइबर अपराधों के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से सेवा भारती द्वारा शंकर बाजार स्थित छत्रपति शाहू जी महाराज महिला महाविद्यालय में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को प्रेरित किया गया कि वे न केवल स्वयं जागरूक रहें, बल्कि अपने परिवार और समाज को भी नशा मुक्त एवं साइबर अपराधों से सुरक्षित बनाने में अहम भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. मंजू गौतम ने अपने चिर-परिचित अंदाज में कविताओं के माध्यम से किया, जिसने पूरे माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का स्वागत माला एवं पुष्प भेंट कर किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्या आरती गुप्ता ने महाविद्यालय की स्थापना से लेकर उसके विकास तक की यात्रा का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने बताया कि एक समय जनपद में महिला महाविद्यालय का अभाव था, लेकिन आज यह संस्थान जनपद का पहला महिला महाविद्यालय होने का गौरव प्राप्त कर चुका है। उन्होंने छात्राओं और शिक्षकों की मेहनत का उल्लेख करते हुए बताया कि यहां की 6 से 7 छात्राओं ने गोल्ड मेडल हासिल किया है। साथ ही उन्होंने संसाधनों की कमी के कारण वार्षिक समारोह आयोजित न कर पाने की पीड़ा भी व्यक्त की और समाज के हर वर्ग से सहयोग की अपील की।
सेवा भारती के जिला महामंत्री राज किशोर शिवहरे ने कहा कि इस कार्यक्रम का लाभ केवल 500-600 छात्राओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उतने ही परिवारों तक इसका प्रभाव पहुंचेगा। उन्होंने छात्राओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बेटियां दो कुलों की जिम्मेदारी निभाती हैं, इसलिए उनका जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है।
सेवा भारती के गुरु प्रकाश शुक्ला ने संस्था द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न प्रकल्पों की जानकारी देते हुए तीन प्रमुख बिंदुओं—स्वच्छता, नशा मुक्त परिवार और साइबर अपराधों से सतर्कता—पर विशेष जोर देने की अपील की।
स्वच्छ भारत मिशन के शिवा कुमार ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण, कंपोस्ट बनाने और सिंगल यूज प्लास्टिक के बहिष्कार पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए यह अत्यंत आवश्यक है।
आबकारी निरीक्षक नीरज वर्मा ने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज में विभिन्न प्रकार के नशीले पदार्थों का प्रसार हो रहा है, जिनसे बचना और दूसरों को भी बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
साइबर सेल के प्रशांत सिंह ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि चित्रकूट जनपद में अब तक लगभग 350 मामले सामने आ चुके हैं। उन्होंने छात्राओं को सावधान करते हुए कहा कि वे अपने सोशल मीडिया और ईमेल के पासवर्ड नियमित रूप से बदलें, किसी के साथ साझा न करें और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का उपयोग अवश्य करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि “डिजिटल अरेस्ट” जैसी कोई प्रक्रिया नहीं होती और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत टोल फ्री नंबर 1930 पर दें।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या आरती गुप्ता ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात छात्राओं को नशा मुक्त भारत अभियान की शपथ दिलाई गई और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर महाविद्यालय की शिक्षिकाएं डॉ. सुमन शुक्ला, अर्चना श्रीवास्तव, विनीता श्रीवास्तव सहित अन्य शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।









