डोरमा हादसे के बाद भी नहीं चेता प्रशासन, सवारियों से भरे ट्रैक्टर-पिकअप दौड़ रहे बेखौफ

 

क्राइम रिपोर्ट जगदंबा प्रसाद

 

कौशांबी : कोखराज थाना क्षेत्र के टेढ़ीमोड चौराहे पर शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे एक बार फिर लापरवाही का खतरनाक नजारा देखने को मिला। डोरमा में हुई दर्दनाक दुर्घटना के बाद भी शासन-प्रशासन, ट्रैफिक पुलिस और सीसी टीम की सक्रियता सवालों के घेरे में है। हाईवे से नीचे उतरकर एक ओर से दूसरी ओर जाने वाले मार्ग पर नियमों को दरकिनार कर सवारियों से भरे ट्रैक्टर और पिकअप धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टेढ़ीमोड चौराहे के नीचे से गुजर रहे एक ट्रैक्टर में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और पुरुष सवार थे। बीच रास्ते ट्रैक्टर को रोककर लोग उतरते और चढ़ते नजर आए। उसके बाद ट्रैक्टर दोबारा रवाना हो गया, लेकिन इस दौरान कहीं भी पुलिस या प्रशासन की मौजूदगी नहीं दिखी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे वाहन कहां से आ रहे हैं और कहां जा रहे हैं, इसकी निगरानी करने वाला कोई नहीं है। सवारियों से ठसाठस भरे ये वाहन खुलेआम नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ी घटना हो सकती है।

डोरमा हादसे के बाद भी यदि जिम्मेदार विभाग सतर्क नहीं होते हैं, तो यह स्थिति किसी दूसरी बड़ी दुर्घटना को न्योता दे सकती है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करते हुए ऐसे वाहनों पर रोक लगाने और चौराहों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें