अश्विनी श्रीवास्तव
चित्रकूट। जिले के उच्च प्राथमिक विद्यालय बगलई क्षेत्र में स्कूल चलो अभियान, प्रवेश उत्सव, शारदा संगोष्ठी एवं वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक अनिल प्रधान, ग्राम प्रधान राम आसरे यादव तथा प्रधानाध्यापक बद्री नारायण कुशवाहा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत से हुई, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इसके बाद दर्जन भर से अधिक बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर सदर विधायक ने राज्य स्तरीय रैली में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों—कृष्ण कुमार, मोहिनी, अमन सिंह, काजल, जगमोहन, विवेक कुमार, पूरन और संध्या सहित राष्ट्रीय आय छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा कक्षा में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाले बच्चों को प्रमाण पत्र, शील्ड और नगद राशि देकर सम्मानित किया। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि स्कूल चलो अभियान के तहत प्रत्येक बच्चे का नामांकन कराकर उन्हें नियमित विद्यालय भेजें।
कार्यक्रम में बसपा जिलाध्यक्ष शिव बाबू एवं अमरेंद्र यादव अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उपहार व धनराशि प्रदान कर सम्मानित किया।
विद्यालय के खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शारीरिक शिक्षा, जूडो-कराटे व ताइक्वांडो कोच रमेशचंद्र के योगदान की सराहना की गई, जिनके मार्गदर्शन में बच्चों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल की।
कार्यक्रम का संचालन सहायक अध्यापक महेश प्रसाद पटेल ने किया। इस मौके पर प्रधानाध्यापक बद्री नारायण कुशवाहा, महेंद्र कुमार सिंह, राजकुमार, वंदना रैकवार, श्याम सुंदर यादव (जिलाध्यक्ष अनुदेशक संघ), विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष देवीदयाल, रामराज कुशवाहा सहित सैकड़ों ग्रामवासी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन शिव बाबू एवं अमरेंद्र विक्रम विक्रांत यादव ने किया।









