यूपीफाइट टाइम्स ब्यूरोचीफ कमलाशंकर मिश्र।
लखनऊ।कमिश्नरेट के उत्तरीजोन के माल थाना पुलिस ने सस्ता सोना देने का झांसा देकर ठगी करने वाले 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार । दंपती लोगों से दोस्ती करके नजदीकियां बढ़ाता था। उसके बाद रिश्तेदार की मदद से झांसा देकर उनसे ठगी करता था। उनका रिश्तेदार भी गिरफ्तार हुआ है।
आरोपियों के पास से नकली सोने की बिस्किट, गहने, 8 मोबाइल, 16 सिम, नकदी और घटना में इस्तेमाल अर्टिगा कार बरामद हुई है। उनकी पहचान मो. अफसर (37), उसकी पत्नी दानिशा फातिमा (36) और साले मो. अजमल (28) के रूप में हुई।तीनों ग्राम कुसौना खुर्द, पोस्ट गुलरहिया थाना मेंहदावल, जिला संत कबीर नगर के रहने वाले हैं। लखनऊ में बारुदखाना गोलागंज, थाना वजीरगंज में रहते थे। मो. अफसर बदायूं के सरकारी स्कूल में सहायक अध्यापक है। उसकी पत्नी दानिशा फातिमा ठाकुरगंज स्थित कालीचरन इंटर कॉलेज में टीचर है। अजमल पीओपी कारीगर है।
आरोपी पहले लोगों से दोस्ती कर भरोसा जीतते थे। इसके बाद सस्ते में सोना दिलाने का लालच देते थे। असली सोना दिखाकर सौदा तय करते थे। बाद में नकली सोने की बिस्किट व गहने थमा कर पैसे लेकर भाग जाते थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने माल थाना क्षेत्र के अंतर्गत काकोरी के कुशमौरा निवासी सोना कारोबारी सुभाष मौर्य को सस्ता सोना देने का झांसा दिया था। सुभाष मौर्य ने 5 लाख रुपए का सोना लेने की बात कही थी। आरोपी 5 अप्रैल को सुभाष मौर्य को तय डील के मुताबिक सोना देने माल इलाके में पहुंचे।उन्होंने सुभाष को सोने का बैग दिया। सुभाष 5 लाख रुए से भरा अपना बैग स्कूटी की सीट पर रखकर सोना देखने लगा। इस दौरान आरोपी उसका बैग लेकर फरार हो गए। सुभाष ने जांच किया तो सोना नकली निकला।सुभाष ने मामले की माल थाने में शिकायत दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लूट और ठगी का मुकदमा दर्ज किया। सर्विलांस की मदद से जांच शुरू की।शुक्रवार की सुबह करीब ढाई बजे काकराबाद अंडरपास पर घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद तीनों को जेल भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी टीचर मो. अफसर का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में पांच मुकदमे व उसके साले अफजल के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज हैं।









