अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर सख्त हुआ प्रशासन, डीएम-एसपी ने दिए कड़े निर्देश*

 

*टास्क फोर्स की बैठक में साफ संदेश—किसी भी हाल में नहीं होगा अवैध खनन व परिवहन, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई*

 

*अनुपम सिंह | यूपी फाइट टाइम्स*

 

*फतेहपुर*

जनपद में अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के संयुक्त तत्वावधान में जनपद एवं तहसील स्तरीय टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने खान विभाग से जिले में संचालित खनन क्षेत्रों की विस्तृत जानकारी ली और दो टूक शब्दों में कहा कि अवैध खनन व अवैध परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डीएम ने निर्देशित किया कि अवैध खनन और ओवरलोडिंग के विरुद्ध संवेदनशीलता के साथ प्रभावी प्रवर्तन अभियान चलाया जाए। खनन क्षेत्रों में नियमानुसार खनिज चौकियों की स्थापना सुनिश्चित की जाए तथा शहर के अंदर से खनिज वाहनों के आवागमन पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि तहसील व थाना स्तर पर गठित टास्क फोर्स पूरी सक्रियता के साथ कार्य करे और सड़क किनारे खड़े अवैध व संदिग्ध वाहनों के विरुद्ध भी अभियान चलाकर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने खनिज परिवहन में लगे वाहनों के लिए सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना या अव्यवस्था से बचा जा सके। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संयुक्त कार्रवाई के जरिए अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने की बात कही।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), उपजिलाधिकारी खागा व बिन्दकी, तहसीलदार सदर, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), खान निरीक्षक, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन की इस सख्ती से जिले में अवैध खनन व ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण की उम्मीद जताई जा रही है।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें