इकौना/श्रावस्ती, संवाददाता।
जनपद श्रावस्ती के विकास खंड इकौना अंतर्गत ग्राम सभा जोरडीह में रविवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। गांव निवासी आदर्श चौरसिया (पुत्र लल्लन चौरसिया) पर एक संदिग्ध पागल कुत्ते ने उस समय हमला कर दिया, जब वह घर के अंदर लगे नल पर पानी भर रहा था।
अचानक हुए इस हमले में आदर्श के हाथ का अंगूठा पूरी तरह जड़ से कट गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई और परिजन तुरंत उसे इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार के साथ एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाया गया।
इस घटना ने ग्रामीणों को और ज्यादा डरा दिया है, क्योंकि अब आवारा कुत्ते घरों के अंदर तक घुसकर हमला कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों के साथ-साथ बंदरों का भी आतंक बढ़ता जा रहा है, जिससे मासूम बच्चे भी सुरक्षित नहीं हैं। लोगों ने प्रशासन से तत्काल अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग की है।









