वाल्मीकि आश्रम विवाद गरमाया, बजरंग सेना की महिलाओं ने खोला मोर्चा

 

 

– गिरफ्तारी नहीं हुई तो सड़कों पर उतरेंगी महिलाएं- अर्चना नितिन उपाध्याय

 

अश्विनी श्रीवास्तव

चित्रकूट। धर्मनगरी चित्रकूट में स्थित वाल्मीकि आश्रम से जुड़ा विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। आश्रम के महंत भरत दास द्वारा पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्र के परिवार पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में अब महिलाओं ने खुलकर मोर्चा संभाल लिया है।

गुरुवार को जय बजरंग सेना फाउंडेशन की राष्ट्रीय प्रभारी अर्चना नितिन उपाध्याय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर महंत के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि चित्रकूट आस्था की पवित्र स्थली है, जहां भगवान श्री राम ने अपने वनवास काल के कई वर्ष बिताए थे। ऐसे पवित्र स्थानों को बदनाम करने की कोशिश किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

अर्चना उपाध्याय ने महंत भरतदास पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आश्रम जैसे धार्मिक स्थल में मारपीट, गाली-गलौज और किसी परिवार पर अमर्यादित टिप्पणी करना बेहद निंदनीय है। उन्होंने सवाल उठाया कि किसी भी व्यक्ति को महंत बनाए जाने से पहले उसके आचरण और योग्यता की जांच क्यों नहीं की जाती।

 

उन्होंने लालापुर क्षेत्र में गरीबों पर अत्याचार और मारपीट के आरोपों का भी जिक्र किया और कहा कि यह संत समाज की छवि को धूमिल करता है। इसके साथ ही उन्होंने असावर माता मंदिर में गर्भगृह के भीतर हनुमान जी की प्रतिमा और कैमरा लगाए जाने पर भी आपत्ति जताई। उनका कहना था कि बड़े सिद्धपीठों जैसे मैहर मंदिर में भी इस प्रकार की व्यवस्था नहीं है, ऐसे में यहां यह व्यवस्था क्यों की गई—यह जांच का विषय है।

 

जय बजरंग सेना ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही महंत भरतदास की गिरफ्तारी नहीं होती है तो संगठन की महिलाएं सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन और धरना देने को मजबूर होंगी। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।

 

अर्चना उपाध्याय ने यह भी कहा कि जल्द ही इस पूरे प्रकरण को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की जाएगी और मामले को उनके संज्ञान में लाया जाएगा।

 

फिलहाल, यह मामला धार्मिक आस्था, सामाजिक मर्यादा और कानून-व्यवस्था से जुड़ता जा रहा है, जिस पर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें