जिला ब्यूरो मोहम्मद सुहेल खान
श्रावस्ती। जनपद श्रावस्ती के विकासखंड इकौना अंतर्गत ग्राम पंचायत बेलहा राघव की होनहार छात्रा मुस्कान यादव ने इंटरमीडिएट परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 90.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टॉप किया है। मुस्कान की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
मुस्कान यादव, जनता इंटर कॉलेज गोपालपुर इकौना की छात्रा हैं। उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के दम पर यह सफलता हासिल की है। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। शिक्षकों और सहपाठियों ने मुस्कान को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुस्कान ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों और माता-पिता को दिया। उन्होंने बताया कि शिक्षकों के मार्गदर्शन और माता-पिता के निरंतर सहयोग के बिना यह संभव नहीं था। मुस्कान के अनुसार, उन्होंने नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और लक्ष्य के प्रति समर्पण को अपनी सफलता का मूल मंत्र बनाया।
भविष्य की योजनाओं के बारे में बताते हुए मुस्कान ने कहा कि उनका सपना संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा पास कर देश की सेवा करना है। वह आगे चलकर एक जिम्मेदार अधिकारी बनकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाना चाहती हैं।
मुस्कान की इस उपलब्धि से क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिली है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर इस तरह की सफलता हासिल करना यह दर्शाता है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।
स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों एवं विद्यालय परिवार ने मुस्कान यादव को इस सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।










