निर्मम हत्या से सनसनी: पत्नी समेत 5 पर साजिश का आरोप, 11 वर्षीय बेटे ने देखी पूरी वारदात

मोहम्मद सुहेल, ब्यूरो चीफ श्रावस्ती

श्रावस्ती/पंजाब।

जनपद श्रावस्ती के थाना इकौना क्षेत्र अंतर्गत नारायण जोत गांव निवासी राजाराम की पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में हुई निर्मम हत्या ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना को लेकर परिजनों ने मृतक की पत्नी समेत पांच लोगों पर साजिश रचकर हत्या करने का आरोप लगाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजाराम को उनकी पत्नी संजना ने बहाने से मंडी गोबिंदगढ़ के इकबाल नगर, गली नंबर 2 में बुलाया। आरोप है कि वहां पहले से घात लगाए बैठे संजना, उसकी मां लक्ष्मी, दो बहनों और एक अन्य व्यक्ति सुरेश ने मिलकर राजाराम पर हमला कर दिया। हमलावरों ने बेरहमी से पिटाई की, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि राजाराम के पास लगभग 25 लाख रुपये की रकम थी और इसी लालच में पूरी साजिश रची गई। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संजना के सुरेश के साथ अवैध संबंध थे और वह अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती थी, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।

इस हत्याकांड का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि पूरी घटना का चश्मदीद मृतक का 11 वर्षीय बेटा है। बच्चे के अनुसार, उसके पिता को कई लोगों ने मिलकर बुरी तरह पीटा। शव पर मिले गहरे चोट के निशान भी इस बात की पुष्टि करते हैं कि हत्या अत्यंत क्रूर तरीके से की गई।

परिजनों ने बताया कि घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई और थाने में प्रार्थना पत्र भी सौंपा गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पुलिस की इस कथित लापरवाही को लेकर परिवार में भारी आक्रोश है।

परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। वहीं, इस मामले ने कानून-व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें